जैसा कि बहुत से लोग जानते हैं, मेरे पति, नोम चॉम्स्की, जो अब 97 वर्ष के हैं, जून 2023 में आए एक गंभीर स्ट्रोक के बाद गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। वर्तमान में नोम 24 घंटे चिकित्सा देखरेख में हैं और पूरी तरह से बोलने या सार्वजनिक विमर्श में भाग लेने में असमर्थ हैं।
इस स्वास्थ्य संकट के बाद से मैं पूरी तरह नोम के उपचार और उनकी देखभाल में लगी रही हूँ और उनके तथा उनके इलाज की पूरी जिम्मेदारी अकेले निभा रही हूँ। हमारे पास किसी भी तरह की जनसंपर्क (PR) सहायता नहीं है। इसी कारण अब जाकर मैं जेफ्री एप्सटीन के साथ हमारे संपर्कों के मुद्दे पर बात कर पा रही हूँ।
नोम और मैं, एप्सटीन के साथ हमारे पिछले संबंधों को लेकर उठे सवालों के बोझ को गहराई से महसूस करते रहे हैं। हम नहीं चाहते कि यह अध्याय किसी अस्पष्टता में घिरा रहे।
अपने पूरे जीवन में नोम ने इस बात पर जोर दिया है कि बुद्धिजीवियों की जिम्मेदारी है कि वे सच बोलें और झूठ को उजागर करें — खासकर तब, जब सच स्वयं उनके लिए असहज क्यों न हो।
जैसा कि व्यापक रूप से जाना जाता है, नोम की एक विशेषता लोगों की सद्भावना पर विश्वास करना है। इसी मामले में उनका अत्यधिक भरोसेमंद स्वभाव हम दोनों की गंभीर भूल का कारण बना।
नोम की एप्सटीन से मुलाकातों और उनके कार्यालय द्वारा एक निजी वित्तीय मामले में दी गई प्रशासनिक सहायता को लेकर उचित सवाल उठाए गए हैं — जिसका एप्सटीन के आपराधिक कृत्यों से कोई संबंध नहीं था।
2015 में, नोम के एक पेशेवर कार्यक्रम के दौरान, हमारा परिचय एक ही समय पर एप्सटीन से कराया गया था। उस समय फ्लोरिडा राज्य में 2008 की उसकी सजा के बारे में बहुत कम लोग जानते थे और अधिकांश जनता — जिसमें नोम और मैं भी शामिल थे — इससे अनभिज्ञ थे। यह स्थिति नवंबर 2018 में Miami Herald की रिपोर्ट के बाद बदली।
जब हमारी मुलाकात हुई, एप्सटीन ने खुद को विज्ञान का परोपकारी और वित्तीय विशेषज्ञ बताया। इसी रूप में उसने नोम का ध्यान आकर्षित किया और दोनों के बीच संवाद शुरू हुआ। अनजाने में हमने अपने लिए एक “ट्रोजन हॉर्स” का दरवाजा खोल दिया।
एप्सटीन ने नोम के करीब आने की कोशिश की — उपहार भेजे और उन विषयों पर चर्चाओं के अवसर बनाए जिन पर नोम लंबे समय से काम कर रहे थे। हमें अफसोस है कि हम इसे हमें फँसाने और नोम जिन मूल्यों के पक्षधर हैं उन्हें कमजोर करने की रणनीति के रूप में नहीं समझ पाए।
हमने उसके रैंच पर एक बार, एक पेशेवर कार्यक्रम के सिलसिले में, लंच किया; मैनहट्टन स्थित उसके टाउनहाउस में डिनर में शामिल हुए और न्यूयॉर्क जाने पर उसके द्वारा दिए गए एक अपार्टमेंट में कुछ बार ठहरे। एक कार्य यात्रा के दौरान हम एक दोपहर उसके पेरिस स्थित अपार्टमेंट भी गए। इन सभी मुलाकातों का संबंध नोम की पेशेवर प्रतिबद्धताओं से था। हम कभी उसके द्वीप पर नहीं गए और वहां क्या होता था इसकी कोई जानकारी नहीं थी।
हम सामाजिक बैठकों, लंच और डिनर में शामिल हुए जहाँ एप्सटीन मौजूद रहता था और अकादमिक विषयों पर चर्चा होती थी। हमने कभी भी उससे या किसी और से कोई अनुचित, आपराधिक या निंदनीय व्यवहार नहीं देखा। हमने वहां कभी बच्चों या नाबालिगों को उपस्थित नहीं देखा।
एप्सटीन ने नोम की रुचि के विभिन्न विचारों वाले लोगों से उनकी मुलाकात कराने का प्रस्ताव दिया। इसी अकादमिक संदर्भ में नोम ने एक सिफारिश पत्र भी लिखा।
प्रेस को लेकर सलाह मांगने वाले एप्सटीन को नोम का ईमेल संदर्भ में समझा जाना चाहिए। एप्सटीन ने दावा किया था कि उसके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार हो रहा है और नोम ने मीडिया से जुड़े अपने राजनीतिक विवादों के अनुभव के आधार पर प्रतिक्रिया दी। एप्सटीन ने अपने मामले को लेकर एक भ्रामक कथा गढ़ी, जिस पर नोम ने सद्भावना में विश्वास कर लिया। अब स्पष्ट है कि यह सब सुनियोजित था, जिसका एक उद्देश्य नोम जैसे व्यक्ति के साथ जुड़कर अपनी प्रतिष्ठा सुधारना भी था।
नोम की आलोचना कभी महिला आंदोलन के खिलाफ नहीं थी; इसके विपरीत, उन्होंने हमेशा लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया है। हुआ यह कि एप्सटीन ने “कैंसल कल्चर” की उनकी सार्वजनिक आलोचना का फायदा उठाकर खुद को उसका शिकार बताया।
जुलाई 2019 में एप्सटीन की दूसरी गिरफ्तारी के बाद ही हमें आरोपों की पूरी गंभीरता — जो अब महिलाओं और बच्चों के खिलाफ घृणित अपराधों के रूप में सिद्ध हो चुके हैं — का पता चला। हमने उसके अतीत की ठीक से जांच नहीं की, यह हमारी गंभीर भूल थी और इस निर्णय-त्रुटि के लिए मैं हम दोनों की ओर से क्षमा मांगती हूँ। स्ट्रोक से पहले नोम ने मुझसे कहा था कि वे भी ऐसा ही महसूस करते हैं।
2023 में एप्सटीन के बारे में पूछे जाने पर नोम की शुरुआती सार्वजनिक प्रतिक्रिया उसके अपराधों की गंभीरता और पीड़ितों के दर्द को पर्याप्त रूप से व्यक्त नहीं कर सकी, क्योंकि उन्हें यह स्पष्ट मान था कि वे ऐसे अपराधों की निंदा करते हैं। लेकिन ऐसे मामलों में स्पष्ट और ठोस रुख हमेशा जरूरी होता है।
हम दोनों के लिए यह बेहद परेशान करने वाला था कि जिस व्यक्ति को हमने एक मददगार मित्र समझा, वह गुप्त रूप से आपराधिक, अमानवीय और विकृत कृत्यों में लिप्त था।
उसके अपराधों की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद हम स्तब्ध रह गए।
चेक के संबंध में स्पष्टीकरण: एप्सटीन ने नोम से एक भाषावैज्ञानिक चुनौती (linguistic challenge) तैयार करने को कहा, जिसे वह एक नियमित पुरस्कार के रूप में स्थापित करना चाहता था। नोम ने उस पर काम किया और इसके बदले 20,000 अमेरिकी डॉलर का चेक भेजा गया, जिसे उसके कार्यालय ने हमारे घर के पते पर भेजने की व्यवस्था की।
लगभग 2,70,000 डॉलर के हस्तांतरण के बारे में स्पष्ट करना चाहती हूँ कि यह पूरी तरह नोम के अपने ही पैसे थे। उस समय उनकी रिटायरमेंट निधि में विसंगतियाँ थीं, जिससे उनकी आर्थिक स्वतंत्रता खतरे में पड़ रही थी और वे चिंतित थे। एप्सटीन ने इस विशेष समस्या को हल करने में तकनीकी सहायता की पेशकश की।
इस मामले में एप्सटीन ने उसी अनुसार काम किया और धन वापस दिलाया — संभवतः नोम तक अधिक पहुँच बनाने की एक योजना के रूप में। इस विशेष मामले में वह केवल एक वित्तीय सलाहकार की तरह काम कर रहा था। मेरी जानकारी के अनुसार उसे कभी हमारे बैंक या निवेश खातों तक पहुंच नहीं मिली।
यह भी स्पष्ट करना जरूरी है कि हमारा — व्यक्तिगत रूप से या दंपत्ति के रूप में — एप्सटीन या उसके कार्यालय के साथ कोई निवेश नहीं था।
आशा है कि इससे नोम चॉम्स्की और एप्सटीन के बीच संबंधों को स्पष्ट रूप से समझाया जा सका है। हम जेफ्री एप्सटीन के अपराधों की गंभीरता और उनके पीड़ितों की गहरी पीड़ा को स्वीकार करते हैं। इस बयान का उद्देश्य उस पीड़ा को कमतर दिखाना नहीं है और हम पीड़ितों के प्रति अपनी पूर्ण एकजुटता व्यक्त करते हैं।
**************
We must explain to you how all seds this mistakens idea off denouncing pleasures and praising pain was born and I will give you a completed accounts..
Contact Us